चैप्टर 65 वैशाली की नगरवधु आचार्य चतुरसेन शास्त्री का उपन्यास | Chapter 65 Vaishali Ki Nagarvadhu Acharya Chatursen Shastri Novel

चैप्टर 65 वैशाली की नगरवधु आचार्य चतुरसेन शास्त्री का उपन्यास | Chapter 65 Vaishali Ki Nagarvadhu Acharya Chatursen Shastri Novel

Chapter 65 Vaishali Ki Nagarvadhu Acharya Chatursen Shastri Novel

Chapter 65 Vaishali Ki Nagarvadhu Acharya Chatursen Shastri Novel

दासों के हट्ट में : वैशाली की नगरवधू

जीवक कौमारभृत्य को एक दासी की आवश्यकता थी । उसने मित्र राजपाल से कहा – “ मित्र , हट्ट में चल , एक दासी मोल लेंगे। सुना है, यवन देश का एक दास – विक्रेता नगर में आया है, उसके पास कुछ अच्छी तरुण दासियां हैं । ”

दोनों मित्र हट्ट में पहुंचे। अन्तरायण में पणजेट्टक के बाड़े में कुछ दास -दासी एक शृंखला में बंधे बैठे थे। अभी दोपहर होने में देर थी । हाट के बीचोंबीच बिना छत का लोहे के सींकचों से घिरा हुआ एक बाड़ा था । उसी में पन्द्रह -बीस दास – दासियां , जो बेचे जाने को थे, बन्द थे। सबके पैरों में एक लोहे की शृंखला पड़ी थी । इनमें सभी आयु के दास -दासी थे। कुछ दासियां यवनी थीं । एक की आयु तीस वर्ष के लगभग थी , परन्तु यौवन का प्रभाव अब भी उसके शरीर पर था । दूसरी युवती की आयु बीस बरस की थी । उसका रंग मोती के समान स्वच्छ और आंखें वैदूर्य के समान सतेज थीं । वह दोनों हाथ छाती पर बांधे एक वृद्धा के पास नीची दृष्टि किए बैठी थी । एक बालक बारह- चौदह वर्ष का था । कई दास काले थे।

दास -विक्रेता एक बूढ़ा ठिगना यवन था । वह बहुत बार श्रावस्ती आ चुका था । उसकी सफेद दाढ़ी , ठिगनी गर्दन और क्रूर आंखें उसको अन्य पुरुषों से पृथक कर रही थीं । उसके हाथ में चमड़े का एक सुदृढ़ चाबुक था । वह एक क्रीता दासी को लेकर बाड़े में आया । दासी की गोद में तीन साल का बालक था । बालक हृष्ट – पुष्ट और सुन्दर था । जब दासों के व्यापारी ने उस स्त्री को दासों के बाड़े में बैठाकर उसके पैरों में शृंखला डाल दी , तो वह स्त्री रोने लगी ।

“ दास-विक्रेता ने कहा – रोती क्यों है ? क्या चाबुक खाएगी ? ”

“ तुमने मुझे यहां किसलिए बिठाया है ? ”

“ यह तो प्रकट है कि बेचने के लिए। देखा नहीं, बीस निष्क सोने देकर मैंने तुझे और तेरे छोकरे को खरीदा है! ”

“ कहां ? मुझे तो मेरे मालिक ने यह कहा था कि वैशाली में तेरा आदमी है, वहीं यह भलामानस तुझे ले जाएगा। ”

व्यापारी ने हंसकर कहा – “ ऐसा न कहता तो तू वहीं रो – धोकर एक टंटा खड़ा कर देती ? पर अब रोकर अपना चेहरा न खराब कर , नहीं तो ग्राहक अच्छे दाम नहीं लगाएगा

स्त्री ने निराश दृष्टि से उसकी ओर ताकते हुए कहा – “ तो क्या तुम मुझे बेचोगे ? ”

“ नहीं तो क्या बैठाकर खिलाऊंगा ? यहां तो इधर लिया , उधर दिया । ”

इतने में एक आदमी ने लड़के के मांसल कन्धों में हाथ गड़ाकर देखा और कहा

“ अरे , इस छोकरे को सस्ते दामों में दे तो मैं ही ले लूं । ”

“ सस्ते की खूब कही । छोकरा कितना तैयार है । खरे दाम , चोखा माल। ”

“ पर इतना – सा तो है। काम – लायक बड़ा होने तक खिलाना-पिलाना होगा , जानते हो ? मैं दस कार्षापण दे सकता हूं। ”

“ क्या दस ? अभी नहीं, और छः महीने बाद पचास में बिकेगा। ”

“ और जो मर गया तो माल से भी जाओगे । मान जाओ, पन्द्रह कार्षापण ले लो । ”

“ अच्छा बीस पर तोड़ करिये । बहुत खरा माल है, कैसा गोरा रंग है ! ”

ग्राहक कार्षापण गिनने लगा तो स्त्री ने आंखों में भय और आंसू भरकर कहा – “ मुझे भी खरीद लीजिए भन्ते! ”

व्यापारी ने हाथ का चाबुक उठाकर कहा – “ चल – चल, ग्राहक को तंग न कर। ”

उसने खींचकर बालक को ग्राहक के हाथ में दे दिया । बालक रोने लगा , उसकी मां मूर्छित हो गई ।

व्यापारी ने कहा – “ अब इस अवसर पर अपना माल लेकर चल दीजिए, होश में आने पर यह और टंटा खड़ा करेगी । ”

ग्राहक सिसकते हुए बालक को लेकर चला गया । थोड़ी देर में स्त्री ने होश में आकर शून्य दृष्टि से अपने चारों ओर देखा । दास -विक्रेता ने पास आकर कहा – “ चिन्ता न कर , जिसने खरीदा है भला आदमी है, लड़का सुख से रहेगा और तेरा भी झंझट जाता रहा। ” स्त्री भावहीन आंखों से देखती रही । उसके होंठ हिले , पर बोल नहीं निकला। वह सिर से पैर तक कपड़े से शरीर ढांपकर पड़ी रही ।

एक बूढ़े ब्राह्मण ने आकर कहा – “ एक दासी मुझे चाहिए । ”

“ देखिए , इतनी दासियां हैं । यवनी चाहिए या दास ? ”

“ दास। ”

“ तब यह देखिए। ”उसने एक तरुणी की ओर संकेत किया । वह चुपचाप अधोमुखी बैठी रही । व्यापारी ने कहा – “ चार भाषा बोल सकती है आर्य! रसोई बनाना और चरणसेवा भी जानती है, अभी युवती है। ”यह कहकर उसने उसे खड़ा किया । युवती सकुचाती हुई उठ खड़ी हुई ।

ब्राह्मण ने साथ के दास से कहा – “ देख काक , दांत देख , सब ठीक -ठाक हैं ? ”

ब्राह्मण के क्रीत दास ने मुंह में उंगली डालकर दांत देखे और निश्शंक वक्षस्थल में हाथ डालकर वक्ष टटोला । कमर और शरीर को जगह – जगह से टटोलकर , दबाकर देखा और फिर हंसकर कहा – “ काम लायक है मालिक , खूब मज़बूत है । ”

व्यापारी ने हंसकर कहा – “ मैंने पहले ही कहा था । परन्तु भन्ते , मूल्य चालीस निष्क से कम नहीं होगा। ”

“ इतना बहुत है, तीस निष्क दूंगा । ”

“ आप श्रोत्रिय ब्राह्मण हैं , मुझे उचित है कि आप ही को बेचूं। ”उसने हंसते-हंसते यवती के पैर की शृंखला खोल दी । ब्राह्मण ने स्वर्ण गिन दिया और दास से कहा- “ लेखपट्ट ठीक -ठीक लिखाकर दासी को ले आ । ”वे चले गए ।

काक ने सब लिखा – पढ़ी कराकर दासी से कहा – “ चल – चल , घबरा मत , हमीं तेरे मालिक हैं , भय न कर । ”दासी चुपचाप उसके पीछे-पीछे चल दी ।

जीवक कौमारभृत्य घूर – घूरकर प्रत्येक दासी को देख रहे थे। अब अवसर पाकर

व्यापारी ने उनसे कहा – “ भन्ते, आपको कैसा दास चाहिए ? इस छोकरे को देखिए कैसे हाथ- पैर हैं , रंग भी काला नहीं है। ”उसने छोकरे के पैरों से शृंखला खोलकर कहा

“ तनिक नाच तो दिखा रे! ”

बालक ने डरते -डरते खड़े होकर भद्दी तरह नाच दिखा दिया । व्यापारी ने फिर कहा – “ गाना भी सुना । ”

उसने दासों का गीत भी गा दिया । व्यापारी हंसने लगा ।

जीवक ने कोने में सिकुड़ी हुई बैठी युवती की ओर उंगली उठाकर कहा – “ उस युवती दासी का क्या मोल है भणे ! ”

व्यापारी ने हंसकर हाथ मलते हुए कहा – “ आप बड़े काइयां हैं भन्ते , असल माल टटोल लिया है। बड़ी दूर से लाया हूं, दाम भी बहुत दिए हैं । व्यय भी करना पड़ा है। संगीत , नृत्य और विविध कला में पारंगत है। भोजन बहुत अच्छा बना सकती है, अनेक भाषा बोल सकती है । रूप – सौन्दर्य देखिए… ”

उसने दासी को अनावृत करने को हाथ बढ़ाया । परन्तु जीवक ने कहा – “ रहने दे मित्र , दाम कह। ”

“ साठ निष्क से एक भी कम नहीं। ”

“ इतना ही ले । ”

जीवक ने स्वर्ण- भरी थैली उसकी ओर फेंक दी । व्यापारी ने प्रसन्न हो और दासी के निकट जाकर उसकी शृंखला खोलते हुए कहा – “ भाग्य को सराह, ऐसा मालिक मिला ।

दासी ने कृतज्ञ नेत्रों से जीवक को देखा और उसके निकट आ खड़ी हुई । जीवक ने उसे अपने पीछे-पीछे आने का संकेत किया तथा मित्र से बातें करता हुआ अपने आवास की ओर आया ।

इसी समय और भी बहत – से दास और दासियां बिकने के लिए हट्ट में आए। पणजेट्ठक ने सबके मालिकों के नामपट्ट देखे, शुल्क लिया और एक – एक करके शृंखला उनके पैरों में डाल दी । इन दास – दासियों में बूढ़े भी थे, जवान भी थे, अधेड़ भी थे, लड़कियां भी थीं । सत्तर साल की बुढ़िया से लेकर चार वर्ष तक की लड़की थी । एक दस वर्ष की लड़की कराह रही थी । कल इसकी मां बिक चुकी थी और यह मां – मां चिल्ला रही थी । वह सत्तर साल की बुढ़िया वातरोग से गठरी- सी बनी लगातार रो रही थी । उसके पांच- छ: लड़के लड़कियां लोग खरीद ले गए थे। वह तीन – चार दिन से हट्ट में बिकने को आ रही थी , पर कोई उसका खरीदार ही नहीं खड़ा हो रहा था । दो औरतें एक – दूसरी से चिपटी बैठी थीं । एक की 45 वर्ष की आयु होगी, दूसरी 15 वर्ष की थी । दोनों मां – बेटियां थीं । उनके कपड़े लत्ते साफ – सुथरे और अंग कोमल थे। इससे प्रतीत होता है कि उन्होंने परिश्रम नहीं किया था । ये एक श्रोत्रिय ब्राह्मण के यहां से आई थीं । दोनों पढ़ी-लिखी थीं । एक सामन्त ने उन्हें ब्राह्मण को यज्ञ की दक्षिणा में दिया था । ब्राह्मण ने उनके स्वर्णाभरण उतारकर उन्हें बेचने को हट्ट में भेज दिया ।

दासों को देखने और उनका क्रय-विक्रय करनेवालों की हट्ट में बड़ी भीड़ हो रही थी । उसी भीड़ में एक ओर सोम चुपचाप खड़े तीव्र दृष्टि से एक – एक करके दासों को देख रहे थे। उनका चेहरा पीला पड़ गया था और उस पर श्री नहीं रह गई थी । इतने ही में किसी ने

पीछे से उनके कन्धे पर हाथ रखा। सोम ने पीछे फिरकर देखा, कुण्डनी थी । कुण्डनी ने संकेत से उन्हें एक ओर ले जाकर कहा – “ बड़ी बात हुई जो तुम्हें देख पाई । मैं तुम्हारे लिए बहुत चिन्तित थी । परन्तु राजनन्दिनी की खटपट में मैं तुम्हारे लिए कुछ न कर सकी । तुम क्या सीधे श्रावस्ती से अभी चले आ रहे हो ? ”

“ हां , मुझे अशक्तावस्था में राह में अटकना पड़ा । परन्तु मैं मार्ग- भर तुम्हें खोजता आया हूं। ”

“ मुझे या चंपा की राजनन्दिनी को ? ”

कुण्डनी सोम पर एक कटाक्ष करके हंस दी । सोम भी हंस पड़ा । उसने कहा – “ राजकुमारी हैं कहां ? ”

“ वह इसी दस्यु यवन दास – विक्रेता के फंदेमें फंस गई थीं । ”

“ तुम रक्षा नहीं कर सकी कुण्डनी ? ”सोम ने सूखे कण्ठ से कहा ।

“ नहीं मैंने उस समय उन्हें छोड़कर पलायन करना ही ठीक समझा। ”

“ अरे , तो यह दुष्ट क्या उन्हें दासी की भांति बेचेगा ? ”सोम ने क्रोध से नथुने फुलाकर खड्ग पर हाथ रखा और एक पग आगे बढ़ाया ।

कुण्डनी ने उनका हाथ पकड़ लिया । कहा – “ बेवकूफी मत करो, यह तो उन्हें बेच भी चुका। ”

“ बेच चुका , कहां ? ”

“ अन्तःपुर में । अन्तःपुर का कंचुकी मेरे सामने स्वर्ण देकर उन्हें महालय में ले गया। ”

“ और तुम यह सब देखती रहीं कुण्डनी ? ”सोम की वाणी कठोर हुई ।

“ दूसरा उपाय न था । परन्तु अन्तःपुर की सब बातें मुझे विदित हैं । ”

“ कौन बातें ? ”

“ गान्धार – कन्या कलिंगसेना का महाराज प्रसेनजित् से विवाह होगा। उस अवसर पर पट्टराजमहिषी मल्लिका नियमानुसार उन्हें एक दासी भेंट करेंगी। इस काम के लिए बहुत दासियां इकट्ठी की गई थीं । उनमें कंचुकी भाण्डायन ने चम्पा की राजकुमारी को ही चुना , वह उन्हें मुंह- मांगे मूल्य पर क्रय कर ले गया और राजमहिषी मल्लिका ने उन्हीं को विवाह के उपलक्ष्य में महाराज को भेंट करने का निर्णय किया है । ”

“ परन्तु यह अत्यन्त भयानक है कुण्डनी ! यह कदापि न होने पाएगा । तुम इस सम्बन्ध में कुछ न करोगी ?

“ क्यों नहीं ! हमें राजनन्दिनी को बचाना होगा । परन्तु , क्या तुम साहस करोगे ? ”

“ यदि प्रसेनजित् को अपने सेनापति बंधुल पर अभिमान है, तो कुण्डनी मैं अकेला ही कोसल का गर्व भंग करूंगा। मगध -पराजय का पूरा बदला लूंगा । ”

“ तुम अकेले यह कर सकोगे ? ”

“ अकेला नहीं , यह खड्ग भी तो है! ”

“ खड्ग पर यदि तुम्हें इतना विश्वास है तो दूसरी बात है। परन्तु तुम यहां मुझसे कुछ आशा मत रखना । ”

“ तो तुम राजनन्दिनी पर इतनी निर्दय हो ? तब इन्हें इस विपत्ति में डालने को लाई क्यों थीं ? ”

“ मैंने उनका विपत्ति से उद्धार किया था । ”

“ तो अब भी उद्धार करो। ”

“ कर सकती हूं, परन्तु तुम्हारी योजना पर नहीं, अपनी योजना पर। ”

“ वह क्या है ? ”

“ कहती हूं ; पहले यह कहो कि तुम साहस कर सकते हो ? ”

“ मेरा यह खड्ग तुम देखती नहीं ? ”

“ फिर खड्ग ! अरे भाई, खड्ग का यहां काम नहीं है। ”

“ तब ? ”

“ कौशल का है। ”

“ क्या असुरपुरी का वही मृत्यु – चुम्बन ? ”

“ नहीं -नहीं सोम , यह असुरपुरी नहीं, कोसल महाराज्य की राजधानी श्रावस्ती है । जानते हो , यदि यहां यह पता लग जाय कि हम मागध हैं , तो चर होने के संदेह में हमें शूली चढ़ना होगा। ”

“ तो फिर कहो भी , तुम्हारी योजना क्या है ? ”

“ हम मागध हैं पराजित मागध ! ”

“ मैं अस्वीकार करता हूं । ”

“ व्यर्थ है। यह कहो कि साहस कर सकोगे ? ”

“ अच्छा करूंगा। कहो, क्या करना होगा ?

कुण्डनी हंस दी – “ हां ठीक है ; इसी भांति मेरे अनुगत रहो । ”

सोम को भी हंसना पड़ा। उसने कहा – “ तो अनुगृहीत भी करो। ”

“ वही तो कर रही हूं। ”

“ क्या करना होगा कहो ? ”

“ तुम्हें मेरे साथ अन्तःपुर में प्रवेश करना होगा। ”

“ कैसे ? ”

“ स्त्री – वेश में । ”

“ अरे! यह कैसे होगा ? ”

“ चुपचाप मेरी योजना पर विश्वास करो । वस्त्र मैं जुटा दूंगी । कहो, कर सकोगे ? ”

सोम ने हंसकर कहा – “ तुम्हारे लिए यह भी सही कुण्डनी ! ”

“ मेरे लिए नहीं भाई, राजनन्दिनी के लिए। ”

“ ऐसा ही सही । ”

“ अच्छा , अब चलो मेरे साथ। ”

“ कहां ? ”

“ जहां आर्य अमात्य हैं ? ”

“ अमात्य क्या यहां हैं ? और सम्राट ? ”

“ वे राजगृह पहुंच गए हैं । ”

“ उनके पास अभी चलना होगा ? ”

“ अभी नहीं, अब तो स्नान, भोजन और विश्राम करना होगा । फिर रात्रि होने पर। ”

“ चलो फिर । ” दोनों जने टेढ़ी -मेढ़ी गलियों को पार करते चले गए।

Prev | Next | All Chapters

अदल बदल आचार्य चतुर सेन शास्त्री का उपन्यास

आग और धुआं आचार्य चतुर सेन शास्त्री का उपन्यास

देवांगना आचार्य चतुर सेन शास्त्री का उपन्यास 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *