चैप्टर 2 देवांगना : आचार्य चतुरसेन शास्त्री का उपन्यास | Chapter 2 Devangana Novel By Acharya Chatursen Shastri

Chapter 2 Devangana Novel By Acharya Chatursen Shastri

Table of Contents

Chapter 2 Devangana Novel By Acharya Chatursen Shastri

Chapter 1 | 2 | 3 | 4 | 5 | | | | | 10 | 11 | 12 | 13 | 14 | 15 | 16 | 17 | 18 | 19 | 20 | 21 | 22 | 23 | 24 | 25 | 26 | 27 | 28 | 29 | 30 | 31 | 32

PrevNext | All Chapters

समारोह : देवांगना

आजकल जहाँ भागलपुर नगर बसा है, वहाँ ईसा की बारहवीं शताब्दी में विक्रमशिला नाम का समृद्ध नगर था। नगर के साथ ही वहाँ विश्वविश्रुत बौद्ध विद्यापीठ था। विक्रमशिला के नगरसेठ धनंजय का हिमधौत धवल महालय आज विविध रंग की पताकाओं, बन्दनवारों और मांगलिक चिह्नों से सजाया जा रहा था। सिंहद्वार का तोरण फूलों से बनाया गया था। बड़े-बड़े हाथियों-घोड़ों-रथों-पालकियों पर और दूसरे वाहनों पर नगर के धनी-मानी नर-नारी, सेठ-साहूकार और राजवर्गीय पुरुष आज धनंजय सेट्ठि के महालय में आ रहे थे। रंगीन कुत्तक और जड़ाऊ उष्णीष पहिने विनयधर और दण्डधर सोने-चाँदी के दण्ड हाथों में लिए दौड़-दौड़कर समागत अतिथियों की अभ्यर्थना कर रहते थे। दास-दासी, द्वारपाल सब अपनी-अपनी व्यवस्था में व्यस्त रहे थे। महालय का वातावरण अतिथियों और उनके वाहनों की धूमधाम और कोलाहल से मुखरित हो रहा था।

नगर सेट्ठि धनंजय की आयु साठ को पार कर गई थी। उनका शरीर स्थूल और रंग मोती के समान उज्ज्वल था। उनके स्निग्ध मुखमण्डल पर सफेद मूंछों का गलमुच्छा उनकी गंभीरता का प्रदर्शन कर रहा था। वह शुभ्र परिधान पहिने, कण्ठ में रत्नहार धारण किए, मस्तक पर बहुमूल्य उष्णीष पहिने समागत अतिथियों का स्वागत कर रहे थे। उनके होंठ अवश्य मुस्करा रहे थे, पर उनका हृदय रो रहा था। उनका मुख भरे हुए बादलों के समान गंभीर और नेत्र आर्द्र थे। आज उनका इकलौता पुत्र प्रव्रज्या लेकर भिक्षुवृत्ति ग्रहण कर रहा था। यह असाधारण समारोह इसी के उपलक्ष्य में था।

एक हजार भिक्षुसंघ सहित, आचार्य भदन्त वज्रसिद्धि प्रांगण में पहुँच चुके थे। भिक्षुगण पीत चीवर पहिने, सिर मुंडाये, मंद स्वर से पवित्र काव्यों का उच्चारण कर रहे थे। उनका सम्मिलित कंठस्वर वातावरण में एक अद्धुत कम्पन उत्पन्न कर रहा था। महालय में जो गंध द्रव्य जल रहा था, उसके सुवासित धूम से सुरभित वायु दूर-दूर तक फैल रही थी। विविध वाद्य बज रहे थे। सम्मानित अतिथि आपस में धीरे-धीरे भांति-भांति की जो बातचीत मंद स्वर से कर रहे थे उससे सारी ही अट्टालिका मुखरित हो रही थी।

धनंजय सेट्ठि ने व्यस्त भाव से इधर-उधर देखा। सामने ही उनका अन्तेवासी विश्वस्त सेवक सुखदास उदास मुँह चुपचाप निश्चेष्ट खड़ा था। सेठ ने कहा—“भणे सुखदास, तनिक देख तो, पुत्र के तैयार होने में अब कितना विलम्ब है। भिक्षुगण तो आ ही गए हैं। अब परम भट्टारक महाराजाधिराज और आचार्य के आने में विलम्ब नहीं है।”

सुखदास ने मालिक की विषादपूर्ण दृष्टि और कंपित स्वर को हृदयंगम किया और बिना ही उत्तर दिए स्वामी के सम्मुख मस्तक नत कर भीतर चला गया।

सुखदास सेठ का पुराना नौकर था। उसका इस महाजन के घर में परिवार के पुरुष की भांति आदर-मान था। वह अधेड़ आयु का एक ठिगना, मोटा और गौरवर्ण का पुरुष था। चाँद उसकी गंजी थी, चेहरा सदा हास्य से भरा रहता था पर इस समारोह में उसका मुँह भी भरे हुए बादलों के समान हो रहा था। वह सेठ के दु:ख और विवशता को जानता था। उसके पुत्र की मनोदशा भी समझता था। जो कार्य हो रहा था वह उसका कट्टर विरोधी था। परन्तु वह विवश था।

बौद्धों के पाखण्ड, दुराचार और दुष्ट वृत्ति को वह जानता था। इन ढोंगी भिक्षुओं की धर्षणा करने का वह कोई अवसर चूकता नहीं था।

महाश्रेष्ठि के पुत्र का नाम दिवोदास था। वह बाईस वर्ष का दर्शनीय युवक था। रंग उसका मोती के समान था। उज्ज्वल हीरक पंक्ति-सी उसकी धवल दंतावलि थी। उत्फुल्ल कमलदल-से उसके नेत्र थे और सघन घन गर्जन-सा उसका कण्ठस्वर था। वह नवीन वृषभ की भांति चलता था। उसका हास्य जैसे फूल बिखेरता था।

सुखदास ने सेट्ठि पुत्र को गोद खिलाया था। उसकी अपनी कोई संतान न थी। इस निरीह दंपत्ति ने सेट्ठि पुत्र में ही अपना वात्सल्य समर्पित किया था। बालक दिवोदास सेवक सुखदास के घर जाकर उसकी गोद में बैठकर उसके हाथ से उसके घर का रूखा-सूखा भोजन करता और उसी की गोद में सुखदास की कहानियाँ सुनते-सुनते सो जाता था। श्रेष्ठि और उनकी गृहिणी को इसमें आपत्ति न थी। पुत्र के प्रति सुखदास के प्रेम से वे परिचित थे। इसमें उन्हें सुखोपलब्धि होती थी।

इसी प्रकार दिवोदास युवा हो गया। युवा होने पर भी सुखदास के प्रति उसकी आसक्ति गई नहीं। वह उसे पितृव्य कहकर पुकारता था। सुखदास दिवोदास के विवाह की कितनी ही रंगीन कल्पनायें करता। पति-पत्नी झूठमूठ को ही दिवोदास के विवाह की किसी काल्पनिक बात को लेकर लड़ पड़ते, और जब दोनों निर्णय के लिए श्रेष्ठि दम्पति के पास जाते, श्रेष्ठि दम्पति खिलखिलाकर हँस पड़ते थे।

आज इन सब सुखद भावनाओं पर जैसे तुषारपात हो गया। सुखदास की मर्मकथा को कौन जान सकता था! वह अपने हाहाकार करते हुए हृदय की पीड़ा को छिपाकर अंत:पुर की ओर चला गया।

अंत:पुर में परिचारिकायें दिवोदास को मंत्रपूत जल से स्नान करा रही थीं। पाँच भिक्षु मंत्र पाठ कर रहे थे। दिवोदास गंभीर थे।

उनके स्वर्णगात पर केसर का उबटन किया गया था। सुगंध से कक्ष भर रहा था। चेरी और सुहागिनें मंगल गीत गा रही थीं। परिचारिकाओं ने स्नान के बाद दिवोदास को बहुमूल्य वस्त्र और आभूषण पहनाये। यह देख गृहपत्नी ने आँख में आँसू भरकर कहा—“पुत्र का यह कुछ ही क्षणों का श्रृंगार है, फिर तो पीत चीवर और भिक्षापात्र!” उसकी आँखों से झर-झर अश्रुधार बह चली।

सुखदास ने गृहिणी का यह विषादपूर्ण वाक्य सुन लिया। उसने ठण्डी साँस लेकर कहा—“हाय, आज का यह दिन देखने ही को मैं जीवित रहा!” परन्तु शीघ्र ही उसने अपने को सम्हाला। आँख की कोर में आये आँसू पोंछ डाले और आगे बढ़कर कहा—“कुमार, मालिक की आज्ञा है कि महाराजाधिराज और आचार्य के पधारने में अब देर नहीं है, तनिक जल्दी करो।”

कुमार ने स्थिर स्वर में कहा—”पितृव्य, पितृचरणों में निवेदन कर दो कि यह दास तैयार है।”

सुखदास ने क्षण-भर ओस से भीगे हुए शतदल कमल की भांति सुषमा संपन्न कुमार के मुख की ओर देखा— और ‘अच्छा’ कहकर वहाँ से चला गया।

इसी समय श्रेष्ठि ने आकर दोनों हाथ फैलाकर कहा—”पुत्र, प्यारे पुत्र!”

दिवोदास ने सम्मुख खड़े होकर कहा——”पितृचरणों में अभिवादन करता हूँ।”

“आयुष्मान् हो, यशस्वी हो, पुत्र।”

“अनुगृहीत हुआ।”

“तो पुत्र, तुम तैयार हो?” श्रेष्ठि ने कंपित कण्ठ से कहा।

“हाँ पिता।”

“पुत्र, मेरा हृदय बैठा जा रहा है।”

“पिताजी, यह तो आनंद का अवसर है।”

“अरे पुत्र, तेरे बिना मैं रहूंगा कैसे? यह सारी पृथ्वी तप्त तवे की भांति अभी से जलती दिख रही है। अब यह सुख-वैभव, धनराशि…हाय, मैंने सोचा था…किन्तु महाराज की आज्ञा…” सेठ के होंठ कांपे और नेत्रों से आँसू टपक पड़े।

सुखदास ने व्यस्त भाव से आकर कहा—”स्वामिन्, महाराजाधिराज श्री गोविन्दपाल देव तथा भिक्षुश्रेष्ठ आचार्य बन्धुगुप्त पधार रहे हैं।”

धनंजय सेठ ने आँखें पोछी और उनकी अभ्यर्थना को दौड़ चले। उन्होंने महाराज और भिक्षुश्रेष्ठ की अभ्यर्थना की और कक्ष में ले आये।

दिवोदास ने भूपात करके साष्टांग प्रणाम किया।

बन्धुगुप्त ने दोनों हाथ ऊँचे कर कहा—”कल्याण, कल्याण!” फिर आगे बढ़कर सेठ से कहा——”श्रेष्ठिराज, महासंघस्थविर वज्रसिद्धि ने आपका मंगल पूछा है, तथा मंजुश्री वज्रतारा देवी का यह गंधमाल्य दिया है।”

धनंजय सेठ ने गंधमाल्य लेकर मस्तक पर रक्खा। और कहा—”भला महासंघस्थविर प्रसन्न तो हैं?”

“वे सदा सबकी कल्याण-कामना में लगे रहते हैं, वे सर्वत्यागी सिद्ध महापुरुष हैं, उन्हें सुख-दु:ख नहीं व्यापता।” फिर उन्होंने आगे बढ़कर कुमार के मस्तक पर हाथ धर कहा—”धन्य कुमार! तुमने वही किया, जो तथागत ने किया था, तुम्हारा जीवन धन्य हुआ।”

दिवोदास ने मौनभाव से आचार्य के चरणों में मस्तक नवा दिया।

सेठ ने कहा—“आचार्य मैंने अपना कुल-दीपक धर्म के लिए दिया।”

“श्रेष्ठिराज, यह संसार का दीपक बनेगा।”

इस समय महाराज ने आगे बढ़कर सेठ के कन्धे पर हाथ धरके कहा—”क्या तुम बहुत दुखी हो श्रेष्ठि।”

“नहीं देव, किन्तु अब यही इच्छा है कि ये महल-अटारी, धन-स्वर्ण, सभी संघ की शरण हो जाय, और वह अधम भी संघ के एक कोने में स्थान प्राप्त करे।”

आचार्य ने प्रसन्न मुद्रा में कहा—“यह बहुत अच्छा विचार है। श्रेष्ठिराज, धर्म में आपकी मति बनी रहे। अच्छा, अब देर क्यों? अनुष्ठान का मुहूर्त तो सन्निकट है।”

“सब कुछ तैयार है आचार्य।”

“तो चलिए।”

सब लोग चले। आगे-आगे सुखदास मार्ग बताता हुआ। पीछे राजा, आचार्य और धनंजय श्रेष्ठि, उनके पीछे कुमार, कुमार के पीछे स्त्रियाँ मंगल गान करती हुई और उनके पीछे मेहमान।

बाहर आने पर कुमार को सुखपाल पर सवार कराया गया। 16 दण्डधर सुखदास की अध्यक्षता में आगे-आगे चले। उनके पीछे स्त्रियाँ मंगल गान करती हुई चलीं। उनके पीछे 100 दासियाँ हाथ में पूजन सामग्री लेकर चलीं। उनके पीछे 100 भिक्षु ‘नमोबुद्धाय’, ‘नमो अरिहन्ताय’ का उच्चारण करते चले। पीछे हाथियों, घोड़ों, पालकियों पर समागत भद्रजन और पैदल।

राह में पुर-स्त्रियों ने अपने सिर के केशों से मार्ग की धूल साफ की, नागरिकों ने पथ पर बहुमूल्य दुशाले बिछाये। कुलवधुओं ने झरोखों से खिले फूल बिखेरे।

विविध वाद्य बज रहे थे, भिक्षु मंत्रपाठ करते चल रहे थे।

समारोह संघाराम के विशाल द्वार के सम्मुख आ विस्तृत मैदान में रुक गया। सब कोई पंक्तिबद्ध हो, स्तब्ध भाव से खड़े हो गये। सबकी दृष्टि संघाराम के विशाल सिंहद्वार पर थी, जिसके पट बंद थे। उन्हीं को खोलकर महासंघस्थविर आने वाले थे।

PrevNext | All Chapters

Chapter 1 | 2 | 3 | 4 | 5 | | | | | 10 | 11 | 12 | 13 | 14 | 15 | 16 | 17 | 18 | 19 | 20 | 21 | 22 | 23 | 24 | 25 | 26 | 27 | 28 | 29 | 30 | 31 | 32

अन्य नॉवेल :

अदल बदल ~ आचार्य चतुर सेन का उपन्यास 

गुनाहों का देवता ~ धर्मवीर भारती उपन्यास

मनोरमा ~ मुंशी प्रेमचंद का उपन्यास 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *